Home नरसिंहपुर नरसिंहपुर/MP : नरसिंहपुर में आयोजित कोटि सूर्य उपासना कार्यक्रम में शामिल हुए...

नरसिंहपुर/MP : नरसिंहपुर में आयोजित कोटि सूर्य उपासना कार्यक्रम में शामिल हुए – मंत्री श्री सिंह, कार्यक्रम में सम्राट विक्रमादिय नाट्य का हुआ मंचन…………….

18
0

युवा पीढ़ी को विक्रमोत्सव मनाए जाने की जानकारी पहुँचानी होगी-मंत्री श्री सिंह

आज सही मायने में गौरव व उत्सव का दिन है

जल गंगा संवर्धन अभियान की हुई शुरुआत

नरसिंहपुर : प्रदेश स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में जिला मुख्यालय के देव श्री नरसिंह मंदिर परिसर नरसिंहपुर में विक्रमोत्सव 2025 के अंतर्गत कोटि सूर्य उपासना कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन व दीप प्रज्ज्वलित कर ब्रह्मध्वज वंदना के साथ किया गया। कार्यक्रम में सम्राट विक्रमादित्य नाट्य का मंचन की प्रस्तुति श्री प्रवीण नामदेव के निर्देशन में दी गई।

      इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया व उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे व उपाध्यक्ष श्री अजीत जाट, पं. रामस्नेही पाठक, कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक श्रीमती मृगाखी डेका, डॉ. हरगोविंद पटेल, श्री राजीव ठाकुर, श्रीमती निशा सोनी, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी- कर्मचारी और नागरिक मौजूद थे।

      कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने नव संवत्सर, विक्रम संवत- 2082 और चैत्र नवरात्र की शुभकामनायें देते हुए कहा कि देश व प्रदेश में यह कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। आज सही मायने में गौरव व उत्सव का दिन है। आमतौर पर 31 दिसम्बर को जागकर नया वर्ष मनाते हैं, जबकि यह यूरोपीय संस्कृति में मनाया जाता है, इसका अनुसरण हमने किया है। शायद ही कल रात को किसी ने इस नव संवत्सर की मंगल शुभकामनायें किसी को दी हो । आज का युग परिवर्तन का युग है। हमारी संस्कृति विश्व की श्रेष्ठ संस्कृतियों में से एक है। आज इस कार्यक्रम में देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव भी सहभागिता कर रहे हैं।

      मंत्री श्री सिंह ने कहा कि भारत के विश्व गुरू बनने की संकल्पना साकार होने वाली है। आदि शंकराचार्य से लेकर हमारे धर्मगुरू इसे स्थापित करने में जुटे हैं। आज पूरे प्रदेश में धार्मिक आयोजन हो रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विक्रम संवत को प्रदेश में धूमधाम से मनाने का निर्णय लिया है।

      मंत्री श्री सिंह ने कहा कि पूर्वजों को स्मरण व श्रद्धासुमन अर्पित करने का अवसर है। देश में कितनी भी विपरीत परिस्थिति हो, लेकिन मां नर्मदा व भगवान श्री नरसिंह की कृपा हमेशा जिले में बनी रहती है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 30 मार्च से 30 जून तक प्रदेश में जल गंगा संवर्धन अभियान चलाने का निर्णय लिया है। जल संरक्षण की दिशा में यह कार्य जनसहयोग के द्वारा ही संभव हो सकता है। कार्यक्रम में मंत्री श्री सिंह ने बताया कि जब वे सांसद थे तो नरसिंह मंदिर जीर्णोद्धार व नरसिंह तालाब के लिए डेढ़ करोड़ रुपये की राशि सांसद निधि से दी थी।गाडरवारा शहर में भी तालाब का निर्माण किया जा रहा है जिससे शहर की सुंदरता और बढ़ जाएगी।यहाँ पर बैडमिंटन कोर्ट,जिम,टॉय ट्रेन,वाटर फाउंटेन,पाथ वे और भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा लगायी जाएगी।

      मंत्री श्री सिंह ने बताया कि एक अप्रैल से विद्यालयों में प्रवेश उत्सव का कार्यक्रम पूरे प्रदेश में किया जाएगा। उन्होंने जन प्रतिनिधियों से आह्वान किया है कि अपने-अपने क्षेत्र के स्कूलों में पहुंचकर विद्यार्थियों को प्रवेश दिलाये। हाल ही में कक्षा पाँचवी एवं कक्षा आठवीं की परीक्षा का परिणाम आया है, जिसमें नरसिंहपुर ज़िले ने अव्वल रैंक हासिल की है। इसके लिए सभी को हार्दिक बधाई। हमारे प्रदेश के जनजातीय जिला डिंडोरी ने भी शिक्षा के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं इसके लिए भी डिंडोरी ज़िले को बधाई।

       कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने सभी को नववर्ष की बधाई दी। उन्होंने बताया कि हमारी संस्कृति में मनाए जाने वाले त्योहार पंचांग के हिसाब से ही तय होते हैं। वास्तव में नववर्ष की शुरुआत आज ही के दिन से होती है। हमारी युवा पीढ़ी एक जनवरी को नववर्ष मनाती है। विक्रम संवत् पंचांग का अपना विशेष महत्व है। युवा पीढ़ी को यह जानकारी हो इसके लिए मनाया जा रहा है। आज के दिन पूरे प्रदेश में यह आयोजन किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने बताया कि राज्य शासन ने निर्णय लिया है कि जल गंगा संवर्धन अभियान की शुरुआत भी आज से की जाये। इसके तहत ज़िले में अगले तीन महीने में लगभग 700 खेत- तालाब बनाने का लक्ष्य रखा गया है। हमारे ज़िले के किसान जिनके पास अधिक भूमि है वह खेत तालाब बनाने के नवाचार को अपना सकते हैं। यह सतही जल और भूजल के जलस्तर में वृद्धि के साथ किसानों को उनकी फसलों में सिंचाई, मत्स्यपालन, सिंघाड़ा उत्पादन आदि के माध्यम से अतिरिक्त आय अर्जन का लाभ प्रदान करेगा।

       पं. रामसनेही पाठक ने कहा कि प्रतिपदा, नव संवत्सर, हिन्दू नव वर्ष और गुड़ी पड़वा आज चैत्र नवरात्र से शुरू होता है। आज का दिन सूर्य उपासना का दिन है। आज ही के दिन ब्रह्मा जी ने सृष्टि का निर्माण किया था। यह जानकारी नई पीढ़ी को मिले, इसलिए इस तरह के आयोजन किए जाने चाहिए। दुनिया जिस कैलेन्डर पर चल रही है, उससे 57 साल पहले हमारा कैलेण्डर आ चुका था। हम प्रतिवर्ष विक्रमोत्सव मनाएंगे। यह नव वर्ष सभी के लिए मंगलमय हो।

       कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी श्री राजेश तिवारी ने दी। कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री ने किया और आभार प्रदर्शन श्री जय नारायण शर्मा द्वारा किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here