सागर/भोपाल। पिछले कईदिनों से प्रदेश में चल रही पटवारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज खत्म हो गई। अब पटवारी अपने काम पर लौटेंगे। आज सागर में मध्य प्रदेश पटवारी संघ के पदाधिकारियों की राजस्व मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से मुलाकात हुई। इस दौरान मंत्री ने उन्हें ये आश्वासन दिया कि उनकी तमाम मांगें सरकार जल्द पूरी करेगी। इसके बाद पटवारी संघ मान गया और अपनी अनिश्चितकालीन हड़ताल वापस ले ली। हड़ताल खत्म होने से राजस्व संबंधित मामलों के निपटारों में आसानी होगी। वहीं बाढ़ प्रभावितों के सर्वे का काम भी रफ्तार पकड़ेगा। इस मौके पर राजस्व मंत्री ने कहा कि, पटवारियों के वेतन वृद्धि संबंधी पत्र मुख्यमंत्री कमलनाथ को दे दिया है। जल्द ही इस संबंध में भी फैसला हो जाएगा। इससे पहले रविवार को इस मामले में दिनभर हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा। सुबह जहां राजस्व मंत्री गोविंद राजपूत से मुलाकात के बाद पटवारी संघ ने अपनी हड़ताल वापस ले ली थी। वहीं दोपहर बाद संघ ने अपनी तरफ से एक वीडियो संदेश जारी कर हड़ताल खत्म करने से इंकार कर दिया था।



