छत्तीसगढ़ में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच कांकेर जिले के चारामा क्षेत्र के कई गांवों में बिजली आपूर्ति ठप होने से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। पिछले दो दिनों से 4 से 5 गांव अंधेरे में डूबे हुए हैं, जिससे जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर क्षेत्र में तेज आंधी, तूफान और बारिश हुई थी। इसके बाद गिरहोला, नवागांव, चारभाटा, सिरसिदा समेत कई गांवों की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
भीषण गर्मी के बीच बिजली बंद होने से गांवों में बोरवेल और मोटर पंप भी ठप हो गए हैं। इससे पेयजल संकट गहरा गया है। लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी पानी नहीं मिल पा रहा है।

गांवों के हैंडपंप अब लोगों के लिए एकमात्र सहारा बन गए हैं। हालात ऐसे हैं कि सुबह 4:30 बजे से ही पानी भरने के लिए महिलाओं और बच्चों की लंबी लाइन लग रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग के अधिकारी उनकी शिकायतों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। कई बार फोन करने के बावजूद अधिकारी कॉल रिसीव नहीं कर रहे, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

