छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को राज्य के अधिकतम तापमान में करीब 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि आने वाले दिनों में पारा 3 डिग्री तक और चढ़ने की संभावना जताई गई है।पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम शुष्क बना रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य में गर्म हवाओं का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, जिससे दिन के तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 43.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। वहीं, सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 19.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।मौसम विशेषज्ञ एच.पी. चंद्रा के अनुसार, वर्तमान में उत्तर-पूर्व मध्य प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में ऊपरी हवा का चक्रीय परिसंचरण सक्रिय है।इन सभी मौसम प्रणालियों के कारण प्रदेश में मौसम मुख्यतः शुष्क बना हुआ है और तापमान में वृद्धि जारी है। मध्य क्षेत्र में कुछ स्थानों पर लू चलने की संभावना भी बनी हुई है।

