नरसिंहपुर : सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार ने उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में संचालित निशुल्क जेईई व नीट निशुल्क कोचिंग की समीक्षा बैठक गुरुवार को ली। उन्होंने नरसिंहपुर विकासखंड के सभी हायर सेकेण्डरी शालाओं के प्राचार्यों से कहा कि वे विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के अध्यापन की व्यवस्था करें। नियमित रुप से उनके टेस्ट पेपर लिये जाये।
बैठक में कोचिंग प्रभारी श्री राम नरेश रावत ने कोचिंग की प्रगति व आगामी कार्य योजना और उत्कृष्ट विद्यालय के प्राचार्य श्री जीएस पटेल ने कोचिंग में दी जा रही सुविधाओं के बारे में विस्तार से अवगत कराया। उल्लेखनीय है कि उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर में जेईई व नीट निशुल्क कोचिंग संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष कक्षा 11 वीं व 12 वीं में अध्ययनरत विद्यार्थी इसका लाभ ले सकेंगे। स्थानीय शासकीय शालाओं के विद्यार्थी प्रात: 7:30 बजे से 10 बजे तक उपस्थित होकर भौतिक, रसायन, गणित व जीव विज्ञान विषयों की प्रतियोगी परीक्षाओं का अध्ययन करते है। इस निशुल्क कोचिंग में लाइब्रेरी भी स्थापित की गई है।
बैठक में शासकीय स्कूल नरसिंहपुर, डांगीढाना, भैसा पाला, धमना, सिंहपुर, झामर व बचई के प्राचार्य, फिजिक्स के नोडल श्री तरुण मालवीय, बायोलॉजी के नोडल श्री राजा ठाकुर, रसायन के नोडल श्री मनीष शर्मा, जिला शिक्षा प्रशिक्षण संस्थान के श्री गोविन्द प्रसाद बड़कुर सहित अन्य प्राचार्य व शिक्षक मौजूद थे।



