ग्वालियर। जनकगंज थानाक्षेत्र स्थित लक्ष्मीगंज निवासी भूपचन्द्र जैन व्यवसायी हैं। घर के नीचे ही उनकी सोनू किराना स्टोर के नाम से दुकान है। मंगलवार सुबह 6 बजे भूपचन्द्र की पत्नी सुमन 55 दुकान खोलकर साफ सफाई कर रही थीं। यह उनका रोज का काम था। अभी वह दुकान के काउंटर पर सामान जमा रही थीं तभी काले रंग की बाइक पर सवार दो युवक दुकान के सामने आए। बाइक से एक युवक उतरकर दुकान के गेट तक आया। उसने पूछा माताजी सिगरेट मिलेगी। सुमन ने कहा हां मिलेगी और सिगरेट उठाने के लिए पलटीं। इसी समय युवक ने सुमन के गले पर झपट्टा मारा और चेन खींच ली। लुटेरे के झपट्टा मारने से महिला गिरते.गिरते बची। जब तक वह संभल पाती उन्होंने देखा कि चेन लूटकर बदमाश बाइक सवार साथी के साथ निकल गया।



