राजधानी रायपुर के नगर निगम जोन-2 क्षेत्र में सरकारी संसाधनों के दुरुपयोग का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जनता के टैक्स के पैसों से खरीदे गए नगर निगम के ट्रैक्टर अब प्रभावशाली लोगों की सेवा में लगे हुए हैं। इन ट्रैक्टरों में निगम का डीजल फूंका जा रहा है, जबकि शहर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है।
पूर्व जोन अध्यक्ष बंटी होरा ने निगम प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि, सरकारी ट्रैक्टरों का उपयोग निजी कार्यों के लिए किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि निगम का डीज़ल खर्च बढ़ रहा है, लेकिन शहर की सड़कों पर गंदगी का अंबार है। यह साफ तौर पर दर्शाता है कि संसाधनों का सही तरीके से उपयोग नहीं हो रहा है और मिलीभगत से जनता के पैसे की बर्बादी की जा रही है।
सूत्रों के अनुसार, निगम में दुरुपयोग का यह मामला ट्रैक्टरों तक ही सीमित नहीं है। निगम के कुछ सफाईकर्मी भी अपनी ड्यूटी के दौरान निजी स्थलों पर काम करते देखे गए हैं। स्थानीय निवासियों ने इसकी पुष्टि की है कि उनके इलाके की सफाई व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। गलियों में कचरा पड़ा रहता है, लेकिन निगम के कर्मचारी और वाहन गायब रहते हैं।
नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली पर उठे सवालों के बीच जोन-2 के नागरिकों ने महापौर और आयुक्त से तत्काल कार्रवाई करने की अपील की है। पूर्व जोन अध्यक्ष बंटी होरा ने चेतावनी दी है कि अगर दोषियों पर कार्रवाई नहीं होती है, तो वे इस मुद्दे को जन आंदोलन का रूप देंगे।



