नरसिंहपुर : महिलाओं के अच्छे स्वास्थ्य के लिए “स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार” अभियान 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए समाज स्तर पर जागरूकता के लिए मानव श्रृंखला, पीले चावल देकर आमंत्रण व मेहंदी लगाकर संचार गतिविधियों का आयोजन किया गया।
अभियान के तहत महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी जांच के लिए शिविर, मातृ एवं शिशु देखभाल के लिए जनजागरूकता संबंधी गतिविधियां, जागरूकता एवं परिवर्तन पर सत्र, निश्चय मित्र नामांकन गतिविधियां, रक्तदान शिविर आदि गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी विकासखंड नरसिंहपुर ने महिलाओं से अभियान से जुड़ने और अपने नजदीकी स्वास्थ्य शिविर में जाकर अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराने की अपील की है।
इसके अलावा विकासखंड नरसिंहपुर के अंतर्गत माध्यमिक शाला, हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी स्कूल के शिक्षकों का एनीमिया मुक्त भारत एवं राष्ट्रीय कृमि दिवस की कार्यशाला आयोजित की गई। शिक्षकों को आयरन के महत्व एवं क्रमिनाशक के लाभ और उसके दुष्प्रभाव व बचाव के बारे में प्रशिक्षण दिया गया। शिक्षकों से कहा गया कि वे स्कूल की प्रार्थना के समय और बाल सभा के माध्यम से उक्त कार्यक्रम की जानकारी बच्चों के साथ साझा करें। डॉ. रिचा मिश्रा ने समस्त शिक्षकों से कहा कि वे स्वस्थ नारी- सशक्त परिवार अभियान को सफल बनाने के लिए बच्चों के माध्यम से जागरूकता रैली एवं अभिभावकों की बैठक आयोजित कर अधिक से अधिक महिलाओं को स्वास्थ्य शिविर में स्वास्थ्य परीक्षण में भाग लेने के लिए प्रेरित किया जाए।



