शिक्षक बनकर कलेक्टर ने अपने समक्ष बच्चों को पढ़ाया पाठ- शिक्षण संबंधी ली जानकारी
लापरवाही बरतने पर प्रधान पाठक व प्राथमिक शाला के शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस देने जारी करने के निर्देश
नरसिंहपुर, 22 अगस्त 2025. कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले शुक्रवार को गोटेगांव विकासखंड के शासकीय एकीकृत हाई स्कूल वेदू और शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला मेख में शिक्षक बनकर पहुंची। यहां उन्होंने बच्चों से संवाद कर उनकी पढ़ाई के बारे में विस्तार से पूछा। उन्होंने अपने समक्ष विद्यार्थियों से पाठ पढ़वाए। शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला मेख में लापरवाही बरतने पर प्रधान पाठक व प्राथमिक शाला के शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार व सहायक परियोजना समन्वयक श्री समीर त्यागी भी मौजूद थे।
शासकीय एकीकृत हाई स्कूल वेदू की कक्षा तीसरी की छात्रा आशी यादव ने सामाजिक विज्ञान का पाठ पढ़कर सुनाया। इस दौरान उन्होंने अपने समक्ष कई बच्चों से लेखन पाठ भी करवाया। कलेक्टर ने बच्चों से भविष्य में कौन से क्षेत्र में जाना चाहते हैं, के संबंध में पूछा। उन्होंने कहा कि किसी भी विषय का चयन करने के लिए शिक्षकों की सहायता लें। उन्होंने बच्चों से सम- विषम संख्या के बारे में पूछा और होमवर्क की नोट बुक देखी। उन्होंने बच्चों को मिलने वाले होमवर्क के बारे में पूछा और उस होमवर्क को घर में करते हैं या नहीं, तो बच्चों ने हां कहते हुए जवाब दिया। कलेक्टर ने बच्चों से कहा कि आप मन लगाकर पढ़ाई करें और आगे बढ़ें। बच्चों से गणित विषय के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि प्रतिदिन गणित के पहाड़े को पढ़ें और अपने ज्ञान को आगे बढ़ाएं। उन्होंने कहा कि हमें किसी भी प्रश्न पूछने पर संकोच नहीं करना चाहिए। हमें नि:संकोच होकर प्रश्न पूछना चाहिए और प्रश्नों का उत्तर देना चाहिए।
इसी प्रकार शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला मेख में बच्चों से शिक्षण संबंधी संवाद कर उनसे पढ़ाई के बारे में पूछा। कक्षा चौथी की छात्रा प्राप्ति एवं खुशबू और कक्षा 5 वीं की छात्रा परिधि से शिक्षण के संबंध में चर्चा की और उनकी पढ़ाई के बारे में जाना। शिक्षकों द्वारा बच्चों के शैक्षणिक गतिविधियों पर पर्याप्त ध्यान नहीं देने और एफएलएम वर्कबुक पर समय अनुसार कार्य नहीं करने पर कलेक्टर ने प्रधान पाठक और प्राथमिक शाला के शिक्षकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने बच्चों से मिलने वाले मध्यान्ह भोजन के बारे में पूछा। कलेक्टर ने बच्चों से पूछा कि मेन्यू के अनुसार भोजन मिलता है कि नहीं, इस पर बच्चों ने मेन्यू के अनुसार भोजन मिलने की बात कही।
स्कूल के निरीक्षण के पूर्व उन्होंने आंगनबाड़ी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां दर्ज बच्चों की संख्या की जानकारी ली। कलेक्टर ने कहा कि बच्चों को समय पर पोषण आहार वितरित किया जाए। उन्होंने पोषण ट्रेकर के बारे में भी जानकारी ली।
कलेक्टर ने किया प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र करकबेल का निरीक्षण
कलेक्टर श्रीमती पटले ने प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने स्टॉफ की जानकारी ली। यहां होने वाले प्रसव, ओपीडी, दवाई स्टोर की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान कलेक्टर ने निर्माणाधीन नवीन कक्ष का अवलोकन भी किया।



