जम्मू-कश्मीर के पूर्व राज्यपाल सत्यपाल मलिक का 5 अगस्त 2025 को दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में निधन हो गया। वे 79 वर्ष के थे और लंबे समय से किडनी की गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। मलिक के निधन की जानकारी उनके आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर दी गई, जिसमें लिखा था, ‘‘पूर्व गवर्नर चौधरी सत्यपाल सिंह मलिक जी नहीं रहें”।
सत्यपाल मलिक का राजनीतिक सफर
मलिक ने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत 1965-66 में छात्र राजनीति से की और डॉ. राम मनोहर लोहिया की समाजवादी विचारधारा से प्रेरित होकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा। वे उत्तर प्रदेश से राज्यसभा सदस्य और अलीगढ़ से लोकसभा सांसद रहे। मलिक जम्मू-कश्मीर, गोवा, बिहार और मेघालय के राज्यपाल रहे और अनुच्छेद 370 हटने के समय जम्मू-कश्मीर के अंतिम राज्यपाल थे।
निधन और श्रद्धांजलि
मलिक का निधन दोपहर 1ः10 बजे दिल्ली के राम मनोहर लोहिया अस्पताल में हुआ। उनके निधन पर राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों में शोक की लहर है। कई नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया।



