दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेसवे पर रावटी थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत बीड़ के भीमपूरा गांव के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज गति से दौड़ रही एक XUV 700 अचानक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी, जिससे कार में सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में मुंबई और वडोदरा के रहने वाले पिता–पुत्र सहित रिश्तेदार शामिल हैं।
शादी में शामिल होकर लौट रहे थे सभी
जानकारी के अनुसार, 71 वर्षीय गुलाम रसूल अहमद, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले के सादुल्ला नगर क्षेत्र के ग्राम ऐलरा, मजरा जल्लखा के निवासी हैं और कई वर्षों से मुंबई के कुरला में व्यवसाय करते थे, अपने बेटे डॉ. अब्दुल खालिद (पप्पू) और रिश्तेदार दुरेश (30 वर्ष) के साथ शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहे थे।
गुलाम रसूल की बहन के बेटे–बेटी की शादी 8 नवंबर को थी, जिसके लिए वे 5 नवंबर को अपने पैतृक गांव आए थे। वहीं शादी में शामिल होने के लिए उनका चचेरा पौता दानिश चौधरी (35 वर्ष), निवासी वडोदरा, अपने 9 वर्षीय बेटे गुलाम मोइनुद्दीन के साथ आया हुआ था। शादी उपरांत सभी एक ही वाहन, XUV 700 (MH 03 EL 1388) से वडोदरा और मुंबई वापस जा रहे थे।
150 किमी/घंटा की रफ्तार बनी हादसे की वजह?
शुक्रवार सुबह भीमपूरा क्षेत्र में जैसे ही वाहन हाईवे के मोड़ पर पहुंचा, गाड़ी तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर डिवाइडर के बीच स्थित गहरी खाई में जा गिरी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें बैठे सभी लोगों की मौत हो गई।
NHAI के एक अधिकारी के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में कार लगभग 150 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ती नजर आई, जो हादसे का प्राथमिक कारण माना जा रहा है।
पुलिस और ग्रामीणों ने मिलकर निकाले शव
हादसे की सूचना मिलते ही रावटी थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह गडरिया पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एक्सप्रेसवे के कर्मचारी और स्थानीय ग्रामीण भी बचाव कार्य में लगे। पुलिस ने सभी शवों को बाहर निकलवाकर मेडिकल कॉलेज भेजा, जहां दोपहर तक मृतकों के परिजन पहुंच गए।
टीआई सुरेंद्र गडरिया ने मीडिया से बातचीत में बताया कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की पुष्टि सीसीटीवी व अन्य सुरागों के आधार पर की जाएगी।



