राजधानी रायपुर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में 3 दिसंबर को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच तीन मैचों की वनडे श्रृंखला का दूसरा मुकाबला खेला जाएगा। बीसीसीआई द्वारा शेड्यूल जारी होने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य क्रिकेट संघ ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए तैयारियों और टिकट व्यवस्था को लेकर अहम जानकारी दी।
दोपहर 1:30 बजे शुरू होने वाले इस मैच का टॉस 1 बजे होगा। खास बात यह है कि यह रायपुर में टीम इंडिया का सिर्फ दूसरा वनडे मैच होगा, जिसने स्थानीय दर्शकों में उत्साह को और बढ़ा दिया है।
स्टेडियम में तैयारियों का जोर
मैच की तिथि तय होते ही स्टेडियम में काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। आउटफील्ड की घास की कटाई, पिच की अंतिम तैयारियाँ और नई LED स्क्रीन की स्थापना जारी है, ताकि दर्शकों को DRS और लाइव स्कोर का बेहतर अनुभव मिल सके। इसके अलावा, स्टैंड्स में टूटे हिस्सों की मरम्मत और पूरे स्टेडियम में पेंटिंग का काम अंतिम चरण में है।
22 नवंबर से मिलेंगे टिकट
भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे के टिकट 22 नवंबर से बिक्री के लिए उपलब्ध होंगे। इस बार टिकट दरें पिछले साल की तुलना में कुछ कम रखी जा सकती हैं। आम दर्शकों को लगभग 2000 रुपये में टिकट मिलेगा, जबकि छात्रों के लिए विशेष रियायत पर टिकट कीमत 800 रुपये तय की गई है। टिकट ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरीकों से खरीदे जा सकते हैं।
क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह मुकाबला खास होने वाला है, क्योंकि रायपुर के मैदान पर लंबे अंतराल के बाद दो दिग्गज टीमें आमने-सामने होंगी।



