कोरिया 17 नवम्बर 2025/ खरीफ वर्ष 2025-26 के तहत छत्तीसगढ़ सहित कोरिया जिले में 15 नवम्बर से समर्थन मूल्य पर धान खरीदी प्रारंभ हो गई है। जिले में धान खरीदी का शुभारंभ 15 नवम्बर को पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मस्व मंत्री श्री राजेश अग्रवाल ने सहकारी समिति, पटना में पूजा-अर्चना कर किया था।
धान खरीदी शुरू होने के साथ ही जिले के किसान खेत-खलिहान से मिंजाई कर विभिन्न साधनों के माध्यम से अपने धान को सहकारी समितियों तक पहुँचा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम सावारावा निवासी 31 वर्षीय युवा किसान श्री रविन्द्र कुमार यादव, पिता श्री मनोहर यादव, साख सहकारी समिति गिरजापुर पहुँचे। उन्होंने 101 क्विंटल 6 किलोग्राम धान समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए समिति में विक्रय कराया।
श्री यादव ने बताया कि उन्होंने पहले ही मोबाइल में तुंहर टोकन एप के माध्यम से टोकन प्राप्त कर लिया था, जिससे उन्हें धान बेचने में सुविधा हुई। उन्होंने कहा कि धान विक्रय से प्राप्त राशि को वे घर एवं खेत के काम-काज में उपयोग करेंगे।
युवा किसान ने छत्तीसगढ़ शासन की 21 क्विंटल प्रति एकड़ धान खरीदी की नई निर्णय प्रक्रिया को किसानों के लिए अत्यंत लाभकारी बताया और कहा कि इससे कृषि कार्य और भी सुदृढ़ होगा।


