प्रयागराज के बारा थाना क्षेत्र के सोनवर्षा गांव में शनिवार देर रात एक कच्चे मकान पर आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में पति-पत्नी और उनकी दो मासूम बेटियां शामिल हैं ।
मिली जानकारी के अनुसार, प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। बारा तहसील के हल्लाबोर सोनबरसा गांव में शनिवार रात करीब 12 बजे बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली वीरेंद्र वनवासी के कच्चे मकान पर गिरी, जिससे छप्पर में आग लग गई। वीरेंद्र वनवासी, उनकी पत्नी पार्वती और दो बेटियों राधा और करिश्मा के साथ कच्चे मकान में छप्पर डालकर रहते थे। शनिवार शाम को सभी छप्पर के नीचे सोए हुए थे, तभी रात करीब 12 बजे बादल गरजने के साथ आकाशीय बिजली गिरी। मकान पर बिजली गिरने से छप्पर में आग लग गई और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पड़ोसियों ने आग बुझाने की काफी कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आग इतनी भयंकर थी कि सभी चारों लोगों की जलकर मौत हो गई और उनके शव कंकाल में बदल गए। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद से परिवार में मातम पसरा हुआ है और गांव में शोक की लहर है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनपद प्रयागराज में आकाशीय बिजली गिरने से हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने दिवंगत आत्माओं की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। सीएम ने दिवंगतों के परिजनों को अनुमन्य राहत राशि तत्काल वितरित किए जाने के निर्देश दिए। वहींए समाजवादी पार्टी ने भी इस घटना पर दुख जताया। सपा ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की है।



