अयोध्या के श्री राम जन्मभूमि में चढ़ावे और चंदे की चोरी को लेकर उत्तर प्रदेश में राजनीतिक घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया X पर पोस्ट करके इस मामले की जांच कर रही SIT की कार्यप्रणाली पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने बिना FIR के हो रही इस जांच को ‘बिना तीर की कमान’ करार दिया।
अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि- जिस तरह हर दिन ‘चढ़ावा-चंदा-दान’ चोरी में नए भंडाफोड़ हो रहे हैं उससे सनातनी आस्थावानों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।
सपा प्रमुख ने मांग की है कि इस मामले की गंभीरता को देखते हुए नेपाल और देश के बाकी बॉर्डर बंद कर देने चाहिए, जिससे आरोपी किसी भी सूरत में फरार न हो सकें।

अपने बयान में अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में एक नया आरोप लगाते हुए कहा कि अब मंदिर में दान में दिए गए ‘कागभुसुंडि’ के गायब हो जाने की निंदनीय खबर सामने आई है।
उन्होंने कहा कि भगवान के प्रति आस्था के नाम पर आए दान में इस तरह की हेराफेरी बेहद गंभीर और निंदनीय है।
सपा मुखिया ने SIT की निष्पक्षता पर भी गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि जब मामले में कोई एफआईआर ही नहीं है तो बिना एफआईआर के एसआईटी बिना तीर की कमान जैसी है।
उन्होंने तंज कसते हुए आरोप लगाया कि जब अभी रोज नए खुलासे हो ही रहे हैं तो एसआईटी की जांच क्या हासिल कर लेगी।

