नरसिंहपुर : जिला स्तरीय स्वरोजगार/ अप्रेंटिसशिप एवं रोजगार के अवसर के लिए युवा संगम कार्यक्रम का आयोजन जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में महात्मा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय करेली में 16 जून 2025 को प्रात: 10.30 बजे से किया जायेगा। कार्यक्रम में शासन की विभिन्न स्वरोजगार मूलक योजनाओं के ऋण वितरण के पत्र जारी किये जायेंगे। विभिन्न विभागों द्वारा स्वरोजगार मूलक योजनाओं के बारे में जानकारी दी जायेगी। इसके साथ ही विभिन्न प्रतिष्ठित कम्पनियों द्वारा अभ्यर्थियों का चयन कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराये जायेंगे।
इच्छुक आवेदक अपने समस्त दस्तावेजों के साथ कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर इस अवसर का लाभ ले सकते हैं। जिले की विभिन्न निजी क्षेत्र के नियोक्ता, जिन्हें अपनी कम्पनी/ शोरूम एवं अन्य प्रतिष्ठित निजी संस्थाओं के लिए कर्मचारियों की आवश्यकता है, वे भी मेला स्थल पर अपना स्टॉल लगा सकते हैं और आवश्यकतानुसार चयन कर जिले के बेरोजगार युवक/ युवतियों को रोजगार उपलब्ध करा सकते हैं। यह जानकारी प्रभारी जिला रोजगार अधिकारी नरसिंहपुर ने दी है।



