जयसिंहनगर/शहडोल। विकासखंड जयसिंहनगर अंतर्गत शासकीय हाई स्कूल सीधी में कराए जा रहे बाउंड्री वॉल निर्माण को लेकर ग्रामीणों में भारी असंतोष व्याप्त है। ग्रामीणों का आरोप है कि बाउंड्री वॉल का निर्माण जितनी और जिस स्थान पर होना चाहिए, वहां न कराकर गलत तरीके से कराया जा रहा है, जिससे विद्यालय की भूमि पर अतिक्रमण किए जाने की आशंका और आरोप सामने आए हैं।

ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय की वास्तविक एवं निर्धारित भूमि सीमा के अनुसार बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाना चाहिए, लेकिन आरोप है कि निर्माण कार्य को सही सीमांकन के अनुरूप न कराते हुए दूसरी जगह दीवार खड़ी की जा रही है। इससे ग्रामीणों में यह सवाल उठ रहा है कि आखिर किसके निर्देश पर विद्यालय की भूमि सीमा के साथ छेड़छाड़ की जा रही है?

ग्रामीणों ने मांग की है कि निर्माण कार्य को तत्काल रोककर संबंधित राजस्व एवं शिक्षा विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी में भूमि का विधिवत सीमांकन कराया जाए। सीमांकन के बाद ही स्वीकृत नक्शे एवं वास्तविक भूमि सीमा के अनुसार बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार का विवाद और अतिक्रमण की स्थिति उत्पन्न न हो।

ग्रामीणों का कहना है कि यदि विद्यालय की भूमि को छोड़कर या निर्धारित स्थान से हटकर बाउंड्री वॉल बनाई जाती है, तो यह गंभीर लापरवाही का मामला है। सरकारी भूमि की सुरक्षा करना जिम्मेदार विभागों का कर्तव्य है, लेकिन यहां निर्माण कार्य पर ही सवाल खड़े हो रहे हैं।

ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वाले जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा बाउंड्री वॉल का निर्माण सही सीमांकन और निर्धारित मापदंडों के अनुसार कराने की मांग की है।
अब बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित विभाग समय रहते मौके पर पहुंचकर विद्यालय की भूमि का सीमांकन कराएगा, या फिर कथित गलत निर्माण और अतिक्रमण के आरोपों को नजरअंदाज किया जाता रहेगा?
विशेष समाचार – बेनी माधव कुशवाहा (डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर शहडोल)

