Home एम.सी.बी. कोरिया, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने युवाओं को दिया खेलों में आगे...

कोरिया, कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने युवाओं को दिया खेलों में आगे बढ़ने का संदेश मेजर ध्यानचंद जयंती पर उमझर मिनी स्टेडियम में मनाया गया राष्ट्रीय खेल दिवस- विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

8
0
hey

कोरिया, 29 अगस्त 2026/ राष्ट्रीय खेल दिवस एवं हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद की जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन कोरिया एवं खेल एवं युवा कल्याण विभाग के संयुक्त तत्वावधान में मिनी स्टेडियम, उमझर में भव्य खेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर युवा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा मेजर ध्यानचंद जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धासुमन अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर ने मेजर ध्यानचंद जी के अद्भुत खेल कौशल, अनुशासन, समर्पण और देशप्रेम को याद करते हुए युवाओं से उनके जीवन से प्रेरणा लेने का आह्वान किया।

खेल अनुशासन और टीम भावना सिखाते हैं-कलेक्टर
कलेक्टर श्रीमती रोकतिमा यादव ने खिलाड़ियों एवं उपस्थित बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि खेलों से अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना का विकास भी होता है। उन्होंने कहा कि कोरिया जिले के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता है कि उन्हें उचित अवसर, मार्गदर्शन और बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं।

उन्होंने बच्चों और युवाओं को पढ़ाई के साथ-साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि नियमित खेल गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के साथ अपने लक्ष्य के प्रति अनुशासित रहने में भी मदद करती हैं।

एथलेटिक्स, वॉलीबॉल, फुटबॉल और तीरंदाजी में दिखा उत्साह
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर विभिन्न खेल विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। एथलेटिक्स की विभिन्न दौड़ स्पर्धाओं में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। वहीं वॉलीबॉल एवं फुटबॉल में खिलाड़ियों ने शानदार तालमेल और खेल कौशल का प्रदर्शन किया। तीरंदाजी प्रतियोगिता में युवा तीरंदाजों ने सटीक निशाना साधकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिताओं में जिले के युवा खिलाड़ियों एवं स्कूली बच्चों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। पूरे आयोजन के दौरान मिनी स्टेडियम में खेलों के प्रति उत्साह और उमंग का माहौल रहा।

विजेता खिलाड़ियों को कलेक्टर ने किया सम्मानित
विभिन्न खेल स्पर्धाओं के समापन के बाद विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को कलेक्टर श्रीमती रोक्तिमा यादव एवं उपस्थित अतिथियों द्वारा मेडल एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों के चेहरे खुशी से खिल उठे।

समारोह के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने जिले में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने तथा उभरती हुई खेल प्रतिभाओं को बेहतर अवसर प्रदान करने के लिए इस प्रकार के आयोजनों को निरंतर जारी रखने की आवश्यकता पर बल दिया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सौभाग्यवती खुसरो, जनपद सदस्य श्रीमती धर्मवती राजवाड़े, जिला खेल अधिकारी सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here