कोरिया स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता के रंगों से सराबोर करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन कोरिया द्वारा ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ एवं ‘वंदे मातरम्’ कार्यक्रम का आयोजन 14 अगस्त को मानस भवन, बैकुंठपुर में किया जाएगा।

कार्यक्रम दोपहर 12 बजे से शाम 3 बजे तक आयोजित होगा। इस दौरान तिरंगा कैनवास आधारित रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिता के साथ देशभक्ति पर आधारित सांस्कृतिक कार्यक्रम आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इसके साथ ही भारत विभाजन विभीषिका स्मरण दिवस मनाकर विभाजन की पीड़ा, संघर्ष और उससे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों को स्मरण किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने जिलेवासियों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में सहभागिता की अपील करते हुए कहा है कि तिरंगे के रंगों में एकजुट होकर राष्ट्रीय प्रेम, एकता और देशभक्ति का संदेश दें। कार्यक्रम का उद्देश्य हर नागरिक के मन में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति गौरव की भावना को और मजबूत करना है।

