Home कोरिया सूरजपुर, जिला पंचायत सामान्य सभा में विकास कार्यों की समीक्षा, समन्वय और...

सूरजपुर, जिला पंचायत सामान्य सभा में विकास कार्यों की समीक्षा, समन्वय और जवाबदेही पर बल

10
0
hey

सूरजपुर/11 अगस्त 2026/ जिला पंचायत सभागार में आयोजित सामान्य सभा की बैठक में जिले के सर्वांगीण विकास, जनकल्याणकारी योजनाओं के पारदर्शी क्रियान्वयन और बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण पर गहन विचार-विमर्श किया गया। बैठक जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती चंद्रमणी देवपाल सिंह पैकरा की अध्यक्षता तथा जिला पंचायत सीईओ श्री विजेन्द्र पाटले की उपस्थिति में संपन्न हुई।

अध्यक्ष श्रीमती पैकरा ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से आपसी तालमेल के साथ कार्य करने का आह्वान करते हुए कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाना सभी का पहला कर्तव्य है और इसके लिए प्रशासन तथा जनप्रतिनिधियों के मध्य सशक्त समन्वय आवश्यक है। उन्होंने प्रशासनिक जवाबदेही पर जोर देते हुए उम्मीद जताई कि आगे भी ऐसी बैठकें नियमित रूप से आयोजित होंगी, जिससे क्षेत्र की समस्याओं का त्वरित समाधान निकाला जा सके। इस दौरान सीईओ श्री पाटले ने जिले के विकास के लिए तैयार कार्ययोजना प्रस्तुत की।

 

 

 

बैठक में विभागवार महत्वपूर्ण बिंदुओं पर क्रमवार समीक्षा की गई। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत मौसमी बीमारियों की रोकथाम, दवाओं की उपलब्धता तथा अन्य स्वास्थ्यगत विषयों पर चर्चा हुई। लोक निर्माण विभाग एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत सड़कों व भवनों की प्रगति, छात्रावासों में अधीक्षकों की व्यवस्था, सीपेज तथा मरम्मत कार्य एवं शालाओं में शौचालय निर्माण की विस्तृत जानकारी ली गई। क्षेत्र के विकास से जुड़े कई अहम मुद्दों पर हुई चर्चा के आधार पर बुनियादी सुविधाओं को मजबूती देने की दृष्टि से कई दूरगामी निर्णय भी लिए गए।


बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती रेखालाल राजवाड़े, जनपद अध्यक्ष सूरजपुर श्रीमती स्वाति सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्री लोकेश पैकरा, श्री नरेंद्र यादव, श्रीमती किरण सिंह केराम, श्रीमती कुसुम सत्यनारायण सिंह, श्री बाबूलाल सिंह मरापो, श्री अखिलेश प्रताप सिंह, श्री अनुज कुमार राजवाड़े, श्री सुरेश कुमार आयाम सहित अन्य जिला पंचायत एवं जनपद सदस्य, जनप्रतिनिधिगण तथा विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here