सूरजपुर/11 अगस्त 2026/ ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत चांदनी-बिहारपुर क्षेत्र में जनजागरूकता लाने के उद्देश्य से आज विशाल जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। रैली में शासकीय नवीन महाविद्यालय चांदनी-बिहारपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के कार्यक्रम अधिकारी धीरेंद्र कुमार जायसवाल के नेतृत्व में महाविद्यालय एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

रैली में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बालक, बिहारपुर के शिक्षक तिवारी, मनहर, शिव बरन गुप्ता, पासवान सहित अन्य शिक्षकगण एवं छात्र शामिल हुए। वहीं शासकीय आयुर्वेद विभाग, बिहारपुर के अधिकारी डॉ. आशीष कुमार शर्मा एवं योगेश कुमार पटेल का भी सहयोग प्राप्त हुआ।

रैली के माध्यम से क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों में तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया। विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने जनजागरूकता अभियान चलाते हुए ‘हर घर तिरंगा’ के संदेश को लोगों तक पहुंचाया।
इस कार्यक्रम के दौरान देशभक्ति एवं राष्ट्रीय एकता की भावना देखने को मिली। रैली में महाविद्यालय एवं विद्यालय के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर सहभागिता की।

