मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने शुक्रवार को रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास कार्यालय से प्रदेश की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना की 30वीं किस्त जारी की।
रिपोर्ट: नीलेश सोनी
रायपुर।
इस दौरान प्रदेश की 67 लाख 20 हजार 125 माताओं एवं बहनों के बैंक खातों में ₹630.55 करोड़ की राशि प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि जब मातृशक्ति सशक्त होती है, तब परिवार, समाज और प्रदेश विकास की नई ऊँचाइयों की ओर अग्रसर होता है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है तथा महतारी वंदन योजना इस दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
सरकारी जानकारी के अनुसार, महतारी वंदन योजना के तहत अब तक प्रदेश की हितग्राही महिलाओं के खातों में ₹19,444.33 करोड़ की राशि सीधे डीबीटी के माध्यम से अंतरित की जा चुकी है। योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक संबल प्रदान कर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना है।

राज्य सरकार का कहना है कि सुशासन की नीति के अनुरूप महिलाओं के सामाजिक एवं आर्थिक उत्थान के लिए विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है।
महतारी वंदन योजना भी इन्हीं प्रयासों का महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिससे प्रदेश की लाखों महिलाओं को प्रतिमाह आर्थिक सहायता का लाभ मिल रहा है।

