एमसीबी
एमसीबी विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर आज सेक्टर कठौतिया में जागरूकता कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य माताओं को स्तनपान के महत्व, शिशु के समुचित पोषण तथा मातृ स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना था। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गर्भवती एवं धात्री माताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं तथा ग्रामीण महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपसरपंच श्रीमती शारदा ठाकुर उपस्थित रहीं। उन्होंने माताओं से जन्म के तुरंत बाद शिशु को स्तनपान कराने तथा छह माह तक केवल माँ का दूध पिलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्तनपान शिशु के संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक विकास के लिए सबसे सुरक्षित, प्राकृतिक और पौष्टिक आहार है।
इस अवसर पर सेक्टर सुपरवाइजर श्रीमती रूपा चतुर्वेदी ने विश्व स्तनपान सप्ताह के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि स्तनपान शिशु को अनेक बीमारियों से बचाने के साथ-साथ उसकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को भी मजबूत बनाता है। उन्होंने माताओं से नियमित रूप से स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने तथा संतुलित आहार अपनाने की अपील की।

महिला सशक्तिकरण केंद्र से सुश्री शैलजा गुप्ता एवं अनीता कुमारी शाह ने महिलाओं को उनके स्वास्थ्य, पोषण, अधिकारों तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी दी। वहीं सखी वन स्टॉप सेंटर से श्रीमती प्रियंका राजवाड़े ने महिलाओं को सहायता एवं सुरक्षा से संबंधित उपलब्ध सेवाओं की जानकारी साझा की।

कार्यक्रम में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से श्रीमती अंजनी यादव एवं श्री अजय ने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला संरक्षण संबंधी कानूनों तथा निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी देते हुए आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित माताओं को स्तनपान के वैज्ञानिक लाभ, नवजात शिशु की देखभाल, स्वच्छता एवं पोषण संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। कार्यक्रम का समापन मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को सुदृढ़ बनाने तथा स्तनपान के प्रति व्यापक जनजागरूकता का संदेश देकर किया गया।

