कोरिया
कोरिया, 3 अगस्त 2026/ जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा सत्र 2027-28 के लिए कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 7 अगस्त 2026 कर दी गई है। पूर्व में आवेदन की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 निर्धारित थी।
जवाहर नवोदय विद्यालय, बैकुंठपुर के प्राचार्य ने जानकारी दी है कि मान्यता प्राप्त विद्यालय में कक्षा 5वीं में अध्ययनरत पात्र विद्यार्थी जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए विद्यार्थी की जन्मतिथि 1 मई 2015 से 31 जुलाई 2017 के मध्य होनी चाहिए।
इच्छुक विद्यार्थी किसी भी कंप्यूटर/मोबाइल, जिसमें इंटरनेट की सुविधा हो अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) एवं लोक सेवा केंद्र के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय की वेबसाइट navodaya.gov.in तथा संबंधित ऑनलाइन पोर्टल का उपयोग किया जा सकता है।
परीक्षा की तिथि 28 नवंबर 2026 निर्धारित है। कोरिया जिले के अभ्यर्थियों के लिए सहायक केंद्र जवाहर नवोदय विद्यालय, केनापारा, बैकुंठपुर, जिला कोरिया (छत्तीसगढ़) रहेगा।
विद्यालय प्रबंधन ने पात्र विद्यार्थियों एवं अभिभावकों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर ऑनलाइन आवेदन करने की अपील की है।

