Home सरगुजा संभाग सूरजपुर, संयुक्त जिला कार्यालय में हर सोमवार को मोबाइल में मेडिकल यूनिट...

सूरजपुर, संयुक्त जिला कार्यालय में हर सोमवार को मोबाइल में मेडिकल यूनिट द्वारा मिल रही निःशुल्क स्वास्थ्य सुविधाएं,  जांच, ईसीजी, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाओं की उपलब्ध है सुविधा

5
0
hey

सूरजपुर

सूरजपुर/27 जुलाई 2026/ मुख्यमंत्री शहरी स्लम स्वास्थ्य योजना के अंतर्गत संचालित मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से जिले के नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण एवं निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशानुसार अब प्रत्येक सोमवार संयुक्त जिला कार्यालय परिसर में कलेक्टर जनदर्शन व अन्य कार्य के लिए कलेक्ट्रेट पहुंचने वाले आमजन को मोबाइल मेडिकल यूनिट की नियमित सेवाएं प्रदान की जा रही हैं, इस सुविधा की शुरुआत से दूर-दराज से अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आने वाले नागरिकों को तत्काल स्वास्थ्य सुविधा का लाभ मिल रहा है।


सोमवार को आयोजित शिविर में 15 से अधिक नागरिकों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवाएं प्राप्त कीं। शिविर में मौसमी बीमारियों, सर्दी-खांसी, उच्च रक्तचाप एवं मधुमेह सहित अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं से संबंधित मरीजों का परीक्षण किया गया।
मोबाइल मेडिकल यूनिट में चिकित्सक, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट, लैब टेक्नीशियन एवं समन्वयक द्वारा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। यहां 41 प्रकार की स्वास्थ्य जांच, ईसीजी की सुविधा तथा विभिन्न बीमारियों के उपचार के लिए लगभग 100 प्रकार की दवाएं निःशुल्क उपलब्ध हैं। साथ ही नागरिक मोबाइल ऐप के माध्यम से अपॉइंटमेंट बुक करने एवं वाहन की वर्तमान लोकेशन की जानकारी भी प्राप्त कर सकते हैं।
करकोटी (भैयाथान) से पहुंची सिस्टर मंजू तिर्की ने पैर दर्द एवं सर्दी-खांसी की जांच कराकर उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की सराहना की। वहीं गर्भवती मंजू साहू को चिकित्सकों द्वारा आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के चिकित्सक डॉ. प्रफुल्ल टांडेश्वर ने बताया कि प्रत्येक सोमवार संयुक्त जिला कार्यालय में आने वाले नागरिकों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श एवं दवाओं की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है।

कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने जिलेवासियों से इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक नागरिक तक समय पर सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here