
सूरजपुर/21 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन एवं उप संचालक कृषि के मार्गदर्शन में आज ग्राम पंचायत सोनवार स्थित सीएससी सेंटर में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना (पीएमएफबीवाई) अंतर्गत खरीफ सीजन 2026 के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान किसानों का फसल बीमा कार्य भी प्रारंभ किया गया।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के उद्देश्य, लाभ, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज एवं बीमा कराने की प्रक्रिया की विस्तारपूर्वक जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को बताया कि प्राकृतिक आपदाओं एवं प्रतिकूल परिस्थितियों से फसलों को होने वाले नुकसान की भरपाई में यह योजना महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच प्रदान करती है।

अधिकारियों ने किसानों से निर्धारित अंतिम तिथि से पूर्व अपनी खरीफ फसलों का बीमा कराने की अपील करते हुए कहा कि समय पर बीमा कराने से वे योजना के लाभ से वंचित नहीं होंगे तथा किसी भी प्राकृतिक आपदा की स्थिति में आर्थिक सुरक्षा प्राप्त कर सकेंगे। कार्यक्रम में किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया गया तथा अधिक से अधिक किसानों को योजना से जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग के एडीओ श्री शैलेन्द्र पटेल, कृषि विस्तार अधिकारी श्री अभिषेक सिंह, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के जिला समन्वयक श्री अतुल कुमार यादव, जनपद पंचायत सदस्य श्री राजेश पोर्ते सहित बड़ी संख्या में किसान भाई-बहन उपस्थित रहे।

