कोरिया, बैकुण्ठपुर। छात्र एवं युवाओं के मुद्दों को लेकर किए गए प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी तथा कांग्रेस के अन्य सांसदों एवं वरिष्ठ नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में बुधवार को जिला कांग्रेस कमेटी कोरिया ने जिला मुख्यालय बैकुण्ठपुर के कुमार चौक में विरोध प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता ने कहा कि देशभर में छात्र एवं युवा अपने अधिकारों, शिक्षा व्यवस्था और भविष्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठा रहे हैं। ऐसे समय में उनके समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व और सांसदों की गिरफ्तारी लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक नागरिक और राजनीतिक दल को शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार प्राप्त है।

प्रदीप गुप्ता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार जनहित के मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लड़ना अपराध नहीं हो सकता। कांग्रेस पार्टी हमेशा छात्रों, युवाओं, किसानों और आम जनता के हितों की आवाज उठाती रही है और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उठाती रहेगी। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय नेतृत्व की गिरफ्तारी की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ बताया। कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री एवं केंद्रीय शिक्षा मंत्री से नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देने की मांग भी की। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे तथा केंद्र सरकार के खिलाफ नारे लगाए। जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि लोकतंत्र में विरोध और असहमति व्यक्त करना प्रत्येक नागरिक का अधिकार है। पार्टी ने मांग की कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान गिरफ्तार किए गए सभी नेताओं के साथ निष्पक्ष व्यवहार किया जाए तथा लोकतांत्रिक अधिकारों का सम्मान किया जाए। प्रदर्शन के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि छात्रों एवं युवाओं के हितों से जुड़े मुद्दों पर उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा और लोकतांत्रिक तरीके से जनहित के सवाल उठाए जाते रहेंगे।


