
– जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने लिया शत-प्रतिशत साक्षरता का संकल्प
– 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षरजनों को उल्लास केंद्रों से जोड़ने पर दिया गया बल
– कलेक्टर श्रीमती रेना जमील की उपस्थिति में संपन्न हुई बैठक; ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण कर निरक्षरजनों को साक्षर बनाने का कार्य प्राथमिकता से होगा

सूरजपुर/14 जुलाई 2026/ जिला पंचायत सूरजपुर के सभाकक्ष में आयोजित जिला स्तरीय दिशा समिति की बैठक में सरगुजा सांसद एवं दिशा समिति के अध्यक्ष श्री चिंतामणि महाराज ने जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को उल्लास नवभारत साक्षरता अभियान की शपथ दिलाई। बैठक की अध्यक्षता सांसद श्री चिंतामणि महाराज ने की, जबकि कलेक्टर श्रीमती रेना जमील सहित जिला पंचायत के अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक में अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए सांसद ने कहा कि जिले में प्रत्येक निरक्षर व्यक्ति तक साक्षरता का लाभ पहुँचाने के लिए सभी विभागों एवं जनप्रतिनिधियों को समन्वित प्रयास करने होंगे। उन्होंने विशेष रूप से 15 वर्ष से अधिक आयु के निरक्षर महिलाओं एवं पुरुषों की पहचान कर उन्हें उल्लास केंद्रों से जोड़ने तथा स्वयंसेवी शिक्षकों के माध्यम से उनकी पढ़ाई सुनिश्चित करने की अपील की।
कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ने बताया कि अभियान के सफल संचालन हेतु महिला एवं बाल विकास, स्वास्थ्य, पंचायत एवं शिक्षा विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारियाँ सौंपी गई हैं। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तर पर सर्वेक्षण कर निरक्षर व्यक्तियों को चिन्हित करते हुए उन्हें साक्षर बनाने का कार्य प्राथमिकता के साथ किया जाएगा।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष, जनपद पंचायतों के प्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा बैंक एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर उपस्थित सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने अभियान को जन-जन तक पहुँचाने तथा शत-प्रतिशत साक्षरता के लक्ष्य को प्राप्त करने का संकल्प लिया।

