सोनहत (जिला कोरिया)।
समाचार
बारिश होते ही घंटों बिजली गुल, लाइनमैन पर फोन नहीं उठाने के आरोप; ग्रामीणों ने कहा—बिल पूरा, सुविधा अधूरी, आखिर कब सुधरेगी व्यवस्था?
वनांचल क्षेत्र सोनहत में बरसात का मौसम शुरू होते ही बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी देखी जा रही है। स्थानीय उपभोक्ताओं एवं ग्रामीणों का आरोप है कि हल्की बारिश या दो बूंद पानी गिरते ही रात के समय कई गांवों की बिजली काट दी जाती है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि रात्रिकाल में अचानक बिजली बंद होने से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ता है। वहीं वनांचल क्षेत्र होने के कारण जंगली जानवरों की आवाजाही बनी रहती है, जिससे अंधेरे में जान-माल का खतरा और बढ़ जाता है।

स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि अंधेरे का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व एवं चोर गांवों में सक्रिय हो सकते हैं, जिससे सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता बनी हुई है।
स्रोतों के हवाले से यह भी आरोप लगाया जा रहा है कि शिकायत के लिए लाइनमैन को फोन करने पर कई बार कॉल रिसीव नहीं की जाती और कभी-कभी उपभोक्ताओं को संतोषजनक जवाब भी नहीं मिलता।
इससे ग्रामीणों में विद्युत विभाग के प्रति नाराजगी लगातार बढ़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बिजली आपूर्ति दिन में भी कई बार बाधित रहती है और रात में भी लंबे समय तक बिजली गुल रहती है, जबकि प्रत्येक माह नियमित रूप से बिजली बिल वसूला जाता है।
उपभोक्ताओं का सवाल है कि जब बिल समय पर लिया जा रहा है तो गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति क्यों नहीं दी जा रही?
मामले को लेकर क्षेत्रवासियों ने विद्युत विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मांग की है कि सोनहत वनांचल क्षेत्र की बिजली व्यवस्था की निष्पक्ष जांच कराई जाए, बार-बार होने वाली बिजली कटौती के वास्तविक कारण सार्वजनिक किए जाएं तथा यदि किसी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही तय कर आवश्यक कार्रवाई की जाए।

