सूरजपुर/23 जून 2026/
थाना विश्रामपुर क्षेत्र अंतर्गत करमपुर रोड स्थित पोखरी (खदान) से बरामद एक अज्ञात पुरुष के शव की शिनाख्त हेतु पुलिस द्वारा जिले एवं राज्य के नागरिकों से सहयोग की अपील की गई है। प्रकरण थाना विश्रामपुर के मर्ग क्रमांक 45/2026, धारा 194 बीएनएसएस के तहत दर्ज किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 17 जून 2026 को सूचना मिली कि करमपुर रोड स्थित पोखरी खदान (क्रमांक 5-6) के पानी में एक अज्ञात व्यक्ति का शव दिखाई दे रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची तथा जिला आपदा बल (डीडीआरएफ) सूरजपुर के सहयोग से शव को निकालने का प्रयास किया गया, किन्तु शव गहरे पानी में डूब गया। दिनांक 18 जून 2026 को डीडीआरएफ अंबिकापुर एवं डीडीआरएफ सूरजपुर की संयुक्त टीम द्वारा गहरे पानी में खोजबीन की गई, परन्तु शव नहीं मिला। तत्पश्चात 19 जून 2026 को पुनः संयुक्त टीम द्वारा खोजबीन कर शव को पानी से बाहर निकाला गया।
शव अत्यधिक सड़ी-गली अवस्था में होने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। थाना क्षेत्र एवं आसपास पतासाजी करने पर भी मृतक की शिनाख्त नहीं हो पाई है।


मृतक का हुलिया :-
मृतक अज्ञात पुरुष, अनुमानित आयु 25 से 30 वर्ष, ऊँचाई लगभग 5 फीट 9 इंच है। मृतक की दोनों हथेलियों में हरे रंग का निशान है तथा पहने हुए टी-शर्ट में भी हरा रंग लगा हुआ है।
नागरिकों से अपील:-
पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि उपरोक्त हुलिया के आधार पर यदि किसी व्यक्ति को मृतक की पहचान संबंधी कोई जानकारी हो अथवा उनके किसी परिचित/संबंधी के लापता होने की सूचना हो, तो वे निकटतम थाना अथवा थाना विश्रामपुर, जिला सूरजपुर से तत्काल संपर्क करें। दी गई जानकारी मृतक की शिनाख्त एवं प्रकरण की विवेचना में सहायक होगी।

