Home कोरिया कोरिया- अधूरी नाली निर्माण ने खोली पंचायत व्यवस्था की पोल ग्राम...

कोरिया- अधूरी नाली निर्माण ने खोली पंचायत व्यवस्था की पोल ग्राम पंचायत बर्दिया में 2023 से अटका निर्माण कार्य, ग्रामीणों ने लगाया 15वें वित्त और मूलभूत राशि में भ्रष्टाचार का आरोप……..

30
0

विशेष रिपोर्ट/
श्री राम रजवाड़े जिला रिपोर्टर

ग्राम पंचायत बर्दिया में वर्ष 2023 में प्रारंभ किया गया नाली निर्माण कार्य आज तक पूर्ण नहीं हो सका है। दो वर्षों से अधर में लटके इस निर्माण कार्य ने ग्राम पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़े कर दिए हैं।

ग्रामीणों का आरोप है कि पंचायत में विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित हैं, जबकि धरातल पर स्थिति बदहाल बनी हुई है।

ग्रामीणों के अनुसार नाली निर्माण कार्य के नाम पर लाखों रुपये की राशि स्वीकृत हुई, लेकिन आज भी गांव की गलियों में जलभराव, गंदगी और बीमारी का खतरा बना हुआ है।

बरसात के दिनों में हालात और भी भयावह हो जाते हैं। गांववासियों ने आरोप लगाया कि 15वें वित्त आयोग एवं मूलभूत मद की राशि का सही उपयोग नहीं किया गया और पंचायत सचिव, सरपंच तथा संबंधित रोजगार सहायक द्वारा केवल दस्तावेजों में विकास दिखाया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि पंचायत स्तर पर लंबे समय से वित्तीय अनियमितताओं का खेल चल रहा है। निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने के बावजूद भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई, जिससे भ्रष्टाचार की आशंका और गहरी हो गई है।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि जिम्मेदार अधिकारी शिकायतों के बाद भी जांच से बचते रहे हैं।

मामले को लेकर अब जिला प्रशासन पर भी सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों ने जिला पंचायत बैकुंठपुर, कलेक्टर कार्यालय बैकुंठपुर तथा स्थानीय विधायक से तत्काल उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो जनआंदोलन और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

जनता का कहना है कि केंद्र और राज्य सरकार गांवों के विकास के लिए करोड़ों रुपये भेज रही है, लेकिन पंचायत स्तर पर भ्रष्ट तंत्र विकास योजनाओं को निगल रहा है।

अधूरे निर्माण कार्यों ने ग्रामीण विकास की वास्तविक तस्वीर उजागर कर दी है।

अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेकर दोषियों पर कठोर कार्रवाई करता है या फिर यह मामला भी अन्य शिकायतों की तरह फाइलों में दबकर रह जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here