सोनहत/कोरिया |
विशेष संवाददाता
Nilesh Sony
कोरिया जिले के सोनहत वन क्षेत्र में एनईआरडब्ल्यूएलसी (NERWLC) वन बाड़ा निर्माण कार्य को लेकर एक बार फिर विवाद गहराता दिखाई दे रहा है।
करोड़ों रुपये की लागत से कराए जा रहे निर्माण कार्यों पर स्थानीय ग्रामीणों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने गुणवत्ता एवं पारदर्शिता को लेकर सवाल उठाए हैं। शिकायतों के बावजूद अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं होने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है।
ग्रामीणों का आरोप है कि वन क्षेत्र में बनाए जा रहे बाड़ा निर्माण कार्यों में कई जगह मानकों की अनदेखी की गई है। निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, पोल निर्माण और तार बिछाने जैसे कार्यों में लापरवाही बरते जाने की शिकायत सामने आई है।
कुछ स्थानों पर निर्माण अधूरा होने के बावजूद भुगतान किए जाने की भी चर्चा है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि वन्य जीव संरक्षण और जंगल सुरक्षा के उद्देश्य से शुरू की गई योजना का लाभ तभी मिलेगा जब कार्य गुणवत्तापूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरे किए जाएं। लोगों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कार्रवाई की मांग उठाई है।
वहीं विभागीय अधिकारियों का कहना है कि कार्य तकनीकी मापदंडों के अनुसार कराया जा रहा है और निर्माण की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक कुछ शिकायतें मिली हैं,
जिनकी जांच की जा रही है। यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित एजेंसी पर कार्रवाई की जाएगी।
राजनीतिक स्तर पर भी मामला गर्माता जा रहा है। विपक्षी नेताओं ने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग करते हुए इसे सरकारी धन के दुरुपयोग से जोड़कर सवाल खड़े किए हैं।

वन क्षेत्र में चल रहे इस निर्माण कार्य को लेकर अब प्रशासनिक कार्रवाई और जांच रिपोर्ट पर सभी की निगाहें टिकी हुई हैं।
जनता का कहना है कि यदि समय रहते निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो यह मामला और बड़ा रूप ले सकता है।

