विशेष संवाददाता
Nilesh Sony सोनहत/कोरिया।
जिले के सोनहत विकासखंड अंतर्गत ग्राम माधला में स्थित श्मशान घाट की हरियाली पर अब कुल्हाड़ी चलने लगी है।
ग्रामीणों के अनुसार श्मशान घाट परिसर में वर्षों पहले लगाए गए यूकेलिप्टस के पेड़ों को एक निजी व्यक्ति द्वारा धड़ल्ले से कटवाया जा रहा है, जबकि यह भूमि सार्वजनिक उपयोग और सामाजिक आस्था से जुड़ी मानी जाती है।
ग्रामीणों का आरोप है कि मामले की सूचना कई बार वन विभाग, स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारियों को दी गई, लेकिन अब तक न तो कटाई रोकी गई और न ही किसी दोषी के खिलाफ ठोस कार्रवाई की गई।
इससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि श्मशान घाट जैसी सार्वजनिक और संवेदनशील भूमि भी सुरक्षित नहीं है, तो प्रशासनिक निगरानी और वन संरक्षण कानूनों की वास्तविक स्थिति समझी जा सकती है। ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि आखिर किसकी शह पर सरकारी भूमि और हरियाली को उजाड़ा जा रहा है?
मामले को गंभीर मानते हुए ग्रामीणजन एवं समाज के लोग शिकायत लेकर कलेक्टर कोरिया और डीएफओ बैकुंठपुर कार्यालय पहुंचे। हालांकि जानकारी के अनुसार दोनों अधिकारी दौरे पर बताए गए, जिसके बाद लोगों ने दोषियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग उठाई।

ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि वन विभाग की निष्क्रियता के कारण लकड़ी माफिया और प्रभावशाली लोग लगातार सार्वजनिक स्थलों की हरियाली को नुकसान पहुंचा रहे हैं। यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई है।
क्षेत्रीय लोगों ने स्थानीय विधायक से भी हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि जनता की आस्था, पर्यावरण और सरकारी भूमि की सुरक्षा सुनिश्चित करना जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन और वन विभाग इस मामले में केवल औपचारिक जांच तक सीमित रहते हैं या वास्तव में दोषियों पर कानूनी शिकंजा कसते हैं।

