बैकुंठपुर. एमसीबी जिले में 24 करोड़ की लागत से समूह जल प्रदाय योजना के तहत काम पूरा हो चुका है। इसके बाद भी ग्राम पंचायत सरभोका के आश्रित ग्राम नवाडीह की 500 आबादी भीषण गर्मी में प्यासी है। हर दिन इस गांव के बूढ़े से लेकर बच्चे डिब्बा, बाल्टी से पेयजल को लेकर जद्दोजहद करने को मजबूर हैं।
जल जीवन मिशन के तहत वर्ष 2023में लाई समूह जल प्रदाय योजना के लिए 24.19 करोड़ की मंजूरी मिली थी। पीएचई विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर अक्टूबर 2023 को मेसर्स रुद्र कंस्ट्रक्शन अंबिकापुर को निर्माण कराने जिम्मेदारी सौंपी है।

इस दौरान करीब ढाई साल में 20 गांव में 23 ओवरहेड टंकी सहित हसदेव नदी में इंटेकवेल और फिल्टर प्लांट का निर्माण कराया गया है।
गांव के लोग आज भी ढोढ़ी के दूषित पानी पर निर्भर हैं। हालत यह है कि ढोढ़ी का गंदा पानी भी एक-दो सप्ताह में सूख जाता है। इससे ग्रामीणों को विवश होकर नाले का भी प्रदूषित पानी लाना पड़ता है।

