अंबिकापुर। शहर से लगे ग्राम पंचायत खैरबार के डबरीपानी स्थित संरक्षित वन भूमिपर कब्जा कर 40 से अधिक लोगों ने मकान बना रखा है। इसकी शिकायत भाजपा नेता व पार्षद आलोक दुबे ने 2 माह पूर्व डीएफओ से की थी। शिकायत के बाद जांच में मामला सही निकला।
इसके बाद वन विभाग की टीम ने अतिक्रमणकारियों को 12 मार्च और 17 मार्च को बेदखली नोटिस जारी किया था। लेकिन अतिक्रमण नहीं हटाया गया। इसी बीच भाजपा नेता ने 29 अप्रैल को सीएम को अतिक्रमण हटाने के संबंध में कार्रवाई को लेकर एक पत्र लिखा था।
ग्राम पंचायत खैरबार के डबरीपानी में भी एक धर्म विशेष के 43 लोगों द्वारा अतिक्रमण किया गया है। यह अतिक्रमण वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों से मिलीभगत कर पेड़ों को काटकर किया गया है। इसकी शिकायत पर डीएफओ ने जांच कराई तो मामला सही पाया गया।

अतिक्रमणकारियों पर कार्रवाई में लेटलतीफी को देखते हुए पार्षद आलोक दुबे ने 29 अप्रैल को सीएम को पत्र लिखा। इसमें उन्होंने बताया कि संरक्षित वन भूमि क्रमांक आरएफ 2582 पर अतिक्रमण करने वाले 114 लोगों को डीएफओ अभिषेक जोगावत द्वारा 17 मार्च को अंतिम बेदखली नोटिस जारी किया गया था।
10 दिन की अवधि समाप्त होने के बाद भी डीएफओ ने न तो खुद अतिक्रमण हटाने की पहल की और न ही कलेक्टर और एसपी से कार्यपालिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की मांग की गई।

