बैकुंठपुर। कोरिया जिला मुख्यालय बैकुंठपुर स्थित झुमका जलाशय के हाउस बोट में शराबखोरी का मामला सामने आया था। इस मामले में प्रशासन की ओर से बड़ा एक्शन लिया गया है। क्रूज में शराबखोरी और 2 माह का किराया नहीं देने पर झुमका वाटर टूरिज्म सोसायटी ने संचालक (ठेकेदार) को कारण बताओ नोटिस जारी कर 2 दिन के भीतर जवाब मांगा है।
इसमें 70 पर्यटक एक बार में जलाशय में समंदर जैसा सफर का आनंद उठाते थे। साथ ही पर्यटकों को जलाशय में करीब 500 हेक्टेयर एरिया में भरे लबालब पानी के बीच में स्वादिष्ट व्यंजनों का लुत्फ उठाने सुविधाएं देने की तैयारी थी।

झुमका वाटर टूरिज्म सोसायटी के सचिव एवं डिप्टी कलेक्टर ने हाउस बोट के ठेकेदार अभिषेक जायसवाल को नोटिस जारी किया है। इसमें उल्लेख है कि प्राय: देखने में आया है कि सुरक्षा नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है और दो महीने का किराया बकाया है।

झुमका जलाशय में हाउस बोट संचालन के लिए अनुबंध पर ठेकेदार को सौंपा गया है। पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में एक नई पहल कर झुमका वाटर टूरिज्म सोसायटी बैकुंठपुर की देखरेख में झुमका जलाशय क्षेत्र में हाउस बोट चलाया जा रहा है। बताया जाता है कि हाउस बोट को ठेका देनेे के लिए अमानत राशि जमा कराई गई है।

