एमसीबी. जिले के मनेंद्रगढ़ वनमंडल के कुंवारपुर परिक्षेत्र के ग्राम डोंगरीटोला-प (चांटी) में अपने घर के आंगन में सोए बुजुर्ग को मंगलवार की रात करीब 10 बजे को तेंदुआ उठाकर ले गया।
तेंदुए ने बुजुर्ग को मार डाला था। बुधवार की सुबह घर से करीब 100 मीटर दूर जंगल में बुजुर्ग का क्षत-विक्षत शव बरामद हुआ। घटना के बाद से ग्रामीण भयभीत हो गए हैं। वहीं कोरिया वनमंडल अंतर्गत हाथी के हमले में एक महिला की मौत हो गई।

वनांचल ब्लॉक भरतपुर के सुदूर ग्राम डोंगरीटोला-प (चांटी) से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। मंगलवार की आधी रात को तेंदुआ गांव में घुसा और घर के आंगन में सो रहे बुजुर्ग कुंवारे सिंह (80) पर हमला कर दिया।
जब तक लोग कुछ समझ पाते, तेंदुआ बुजुर्ग को अपने कब्जे में लेकर जंगल की ओर भाग चुका था। मामले में ग्रामीणों ने मशाल और टॉर्च लेकर खोजबीन शुरू की, लेकिन रात के अंधेरे में बुजुर्ग का कहीं पता नहीं चल पाया। घटना के बाद डोंगरीटोला सहित आसपास गांव में भय और दहशत का माहौल है।

