राजधानी रायपुर के इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय में गुरुवार देर रात भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि पूरे विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के हॉस्टल क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद विश्वविद्यालय और हॉस्टल की बिजली कई घंटों तक बाधित रही, जिससे छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
जानकारी के अनुसार आग विश्वविद्यालय परिसर के उस हिस्से में लगी, जहां खेती परीक्षण और कृषि अनुसंधान से जुड़ी फसलें और सामग्री रखी गई थीं। देखते ही देखते आग ने कई एकड़ क्षेत्र को अपनी चपेट में ले लिया।

विश्वविद्यालय के सुरक्षाकर्मी और छात्र खुद ही आग बुझाने में जुटे रहे। घंटों तक पानी और अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई,

स्थिति बिगड़ने के बाद आखिरकार फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई। मौके पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फायर टीम ने आसपास के हिस्सों में आग फैलने से भी रोक लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

