खबर /
श्री राम राजवाडे जिला रिपोर्टर बैकुंठपुर/कोरिया
जनपद पंचायत बैकुंठपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बरदिया में विकास कार्यों की हकीकत एक बार फिर सवालों के घेरे में है।
पंचायत भवन के बगल, हाई स्कूल एवं आंगनबाड़ी केंद्र के सामने बनी पानी की टंकी वर्षों से शोपीस बनकर खड़ी है।
निर्माण के बाद से ही यह टंकी आज तक उपयोग में नहीं लाई गई, जिससे ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
ग्रामीणों का कहना है कि अप्रैल की भीषण गर्मी में जहां हर घर को पानी की सख्त जरूरत होती है,
वहीं पंचायत की यह लापरवाही लोगों को प्यासे रहने पर मजबूर कर रही है। “टंकी बनी है, लेकिन पानी नहीं—यह हमारे लिए किसी मजाक से कम नहीं,”
एक स्थानीय ग्रामीण ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा।
ग्रामवासियों ने आरोप लगाया है कि पंचायत के सचिव और सरपंच इस गंभीर समस्या की अनदेखी कर रहे हैं। केवल कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं,


जबकि जमीनी स्तर पर कोई ठोस विकास कार्य नजर नहीं आ रहा। 14वें और 15वें वित्त आयोग की राशि के उपयोग को लेकर भी ग्रामीणों में पारदर्शिता को लेकर संदेह गहराता जा रहा है।
स्थिति यह है कि एक ओर शासन जल संकट से निपटने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर रहा है,
वहीं दूसरी ओर बरदिया पंचायत में बनी जल संरचना ही निष्क्रिय पड़ी है। इससे प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
ग्रामीणों ने जिला पंचायत एवं संबंधित विभाग से मांग की पंचायत की मूल व्यवस्था और जल्द से जल्द जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।


(यह मामला न केवल स्थानीय प्रशासन बल्कि पूरे तंत्र की जवाबदेही तय करने का संकेत देता है।
अब देखना होगा कि जिला प्रशासन इस पर क्या कदम उठाता है।)

