दुर्ग जिले के नंदिनी थाना क्षेत्र के बासिन गांव में एक अवैध गुटखा फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ है।खाद्य-औषधि प्रशासन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में ‘मुसाफिर’ और ‘M4’ ब्रांड के जर्दा युक्त गुटखे का बड़े पैमाने पर उत्पादन किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान फैक्ट्री में 13 मजदूर काम करते पाए गए। ये मजदूर मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान के रहने वाले बताए जा रहे हैं।
मौके से भारी मात्रा में तैयार गुटखा, सुगंधित जर्दा, पैकिंग सामग्री, मशीनरी और कच्चा माल जब्त किया गया है।
जिला खाद्य और औषधि प्रशासन अधिकारी जितेंद्र नेने ने बताया कि ‘मुसाफिर’ ब्रांड के पैकेट पर कुम्हारी स्थित ‘रजत सेल्स’ से संबंधित एक लाइसेंस नंबर अंकित मिला है।
अधिकारी के अनुसार यदि ‘रजत सेल्स’ के संचालक इस इकाई को अपनी बताते हैं, तो बिना लाइसेंस के संचालन का मामला दर्ज किया जाएगा। यदि गुटखे के सैंपल जांच में फेल होते हैं, तो अलग से कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

