छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के नारायणपुर-चारभाठी इलाके में सोमवार दोपहर कथित एयर एम्बुलेंस क्रैश होने की खबर सामने आई थी, लेकिन जांच के बाद यह पूरी तरह अफवाह साबित हुई है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार का विमान हादसा नहीं हुआ है।
जानकारी के अनुसार, नारायणपुर क्षेत्र की पहाड़ियों में धुआं उठने की सूचना मिलते ही जिला कलेक्टर रोहित व्यास और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेंद सिंह मौके पर पहुंचे और स्थिति का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान वहां विमान दुर्घटना से जुड़े कोई भी साक्ष्य नहीं पाए गए।
राज्य सरकार ने भी इस मामले पर बयान जारी कर स्थिति स्पष्ट की है। सरकार की ओर से बताया गया कि कुछ मीडिया चैनलों और वेब पोर्टलों में जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र में विमान क्रैश की जो खबरें प्रसारित की गई थीं, वे गलत और भ्रामक हैं।

