छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित बिलासा देवी केवट एयरपोर्ट से अब रात में दिल्ली के लिए सीधी फ्लाइट की सुविधा मिलेगी। एलायंस एयर की यह फ्लाइट 3 मई से शुरू होगी और हर रविवार को चलेगी।
एयरपोर्ट से विमान सेवा की औपचारिक शुरुआत 1 मार्च 2021 को हुई थी। इस दिन एलायंस एयर के फ्लाइट ने बिलासपुर में लैंडिंग की थी।डीजीसीए ने एयरपोर्ट को 3सी-वीएफआर से अपग्रेड कर 3सी-आईएफआर श्रेणी का लाइसेंस दिया है।

वहीं समर सीजन के लिए जारी शेड्यूल में नाइट में फ्लाइट सुविधा को शामिल किया गया है।यह विमान शाम 6:20 बजे बिलासपुर पहुंचेगा और 6:45 बजे दिल्ली के लिए उड़ान भरेगा। यह रात 9:25 बजे दिल्ली पहुंचेगा।

इस विमान सेवा का फायदा यह होगा कि लोग दिनभर अपना काम पूरा करने के बाद शाम को आराम से यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा खासकर बिजनेस और सरकारी काम से आने-जाने वाले लोगों के लिए काफी उपयोगी होगी।
हवाई सुविधा जनसंघर्ष समिति के सुदीप श्रीवास्तव ने बताया कि जगदलपुर में 1700 मीटर और अंबिकापुर में 1800 मीटर रनवे की तुलना में बिलासपुर का रनवे अभी छोटा है। रनवे 1800 मीटर होने पर स्पाइसजेट का बम्बार्डियर क्यू 400 और स्टार एयरवेज का एम्ब्रेयर जैसे बड़े विमान यहां उतर सकेंगे।

