टाउनशिप के सेक्टर-7, वार्ड 67 स्थित सडक़-37 में पीलिया का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने प्रभावित क्षेत्र का सर्वे किया, जिसमें सात नए मरीज सामने आए। इसके साथ ही अब तक कुल मरीजों की संख्या बढक़र 31 हो गई है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज दानी के निर्देशन और जिला सर्वेलेंस अधिकारी डॉ. सीबीएस बंजारे की निगरानी में टीम ने क्षेत्र का दौरा किया।प्रभावित इलाके में मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से स्वास्थ्य शिविर लगाया गया।

इसमें सीबीसी, एलएफटी, आरएफटी और शुगर सहित विभिन्न जांचें की गईं, ताकि मरीजों की स्थिति का समय रहते आकलन किया जा सके।विशेषज्ञों के अनुसार पीलिया के प्रमुख लक्षणों में भूख न लगना, पीले रंग का पेशाब, उल्टी, सिरदर्द, कमजोरी, थकान, पेट के दाहिने ऊपरी हिस्से में दर्द तथा आंखों और त्वचा का पीला होना शामिल हैं। ऐसे लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराने की सलाह दी गई है।

