छत्तीसगढ़ में गर्मी का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि अगले दो दिनों तक बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में ग्रीष्म लहर चल सकती है।प्रदेश में गर्मी का सबसे अधिक असर राजनांदगांव में देखने को मिला, जहां अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।पिछले 24 घंटों के दौरान पूरे छत्तीसगढ़ में मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। बारिश या किसी भी प्रकार की ठंडी हवाओं के संकेत नहीं मिले हैं।

मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले दिनों में भी तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है, जिससे गर्मी से राहत मिलने के आसार बेहद कम हैं।मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, इस समय प्रदेश के ऊपर कई मौसमीय सिस्टम सक्रिय हैं। उत्तर बिहार से लेकर दक्षिण छत्तीसगढ़ तक एक द्रोणिका फैली हुई है। इसके साथ ही उत्तर तटीय ओडिशा के आसपास चक्रीय परिसंचरण और महाराष्ट्र-तेलंगाना क्षेत्र में प्रति चक्रवातीय स्थिति बनी हुई है। इन सभी सिस्टमों के संयुक्त प्रभाव से प्रदेश में गर्म और शुष्क मौसम बना हुआ है।

