नेपाल में भारी बारिश और भूस्खलन से मची तबाही में अब तक कम से कम 40 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई लोग लापता हैं। भारी बारिश के कारण अचानक आई बाढ़ और भूस्खलन ने सड़कों और पुलों को नुकसान पहुंचाया है, जिससे बचाव अभियान में मुश्किलें आ रही हैं। कोसी नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है, जिससे निचले इलाकों में हाई अलर्ट जारी किया गया है।
नेपाल पुलिस के प्रवक्ता बिनोद घिमिरे ने बताया कि, अलग-अलग जगहों पर हुए भूस्खलन और बाढ़ में कई लोगों की मौत हुई है। दक्षिण नेपाल में बिजली गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि उदयपुर जिले में बाढ़ की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हुई है।
नेपाल में भारी बारिश और बाढ़ से हालात बिगड़ गए हैं। आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की प्रवक्ता शांति महत ने बताया कि 11 लोग बाढ़ में बह गए हैं और लापता हैं, जिनकी तलाश के लिए रेस्क्यू टीमें लगातार काम कर रही हैं।
काठमांडू एयरपोर्ट के प्रवक्ता रिंजी शेरपा ने बताया कि, घरेलू उड़ानें बुरी तरह प्रभावित हुई हैं, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानें सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।



