प्रतिष्ठित कम्पनियों द्वारा 152 युवक/ युवतियों का चयन कर ऑफर लेटर किए प्रदान
3 हितग्राहियों को 14 लाख रुपये का ऋण वितरण हुआ
नरसिंहपुर : कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता व नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे की मौजूदगी में युवा संगम योजनांतर्गत रोजगार/ स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला का आयोजन शासकीय श्याम सुंदर नारायण मुशरान महिला महाविद्यालय नरसिंहपुर में सोमवार को किया गया। अतिथियों ने मंच से युवक/ युवतियों को ऑफर लेटर एवं हितग्राहियों को ऋण वितरण पत्रक प्रदान किए। यह कार्यक्रम राज्य शासन व जिला प्रशासन के निर्देशानुसार जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, शासकीय आईटीआई नरसिंहपुर और रोजगार कार्यालय नरसिंहपुर के संयुक्त तत्वाधान में किया गया।
युवा संगम कार्यक्रम में लगभग 310 युवक/ युवतियों द्वारा अपना रजिस्ट्रेशन कराया गया। रोजगार के लिए नवभारत फर्टीलाईजर जबलपुर द्वारा 16, हेल्थ अनबॉक्स प्रा. नरसिंहपुर द्वारा 17, शिवशक्ति एग्रीटेक जबलपुर द्वारा 18, पुखराज हेल्थकेयर जबलपुर द्वारा 11, राव्या वर्कफोर्स प्रा.लि. लखनउ उत्तरप्रदेश द्वारा 53, एलआईसी इंडिया नरसिंहपुर द्वारा 10 और रिलायबल फर्स्ट एडकॉम प्रा. जबलपुर द्वारा 27 युवक/ युवतियों को विभिन्न पदों पर भर्ती के लिए प्रारंभिक चयन किया गया। उक्त प्रतिष्ठानों द्वारा भर्ती के लिए साक्षात्कार उपरांत कुल 125 और अप्रेंटिसशिप के लिए कुल 27 आवेदकों चयन कर ऑफर लेटर प्रदाय किए गए। इसी प्रकार स्वरोजगार योजनांतर्गत विभिन्न विभागों के माध्यम से वर्ष 2025- 26 अंतर्गत विगत माह में स्वीकृत प्रकरणों के अंतर्गत कुल 3 हितग्राहियों को 14 लाख रुपये के ऋण पत्रक का वितरण कर स्वरोजगार के लिए लाभांवित किया गया। कार्यक्रम स्थल पर स्वरोजगार मूलक योजना से संबंधित विभागों द्वारा एवं विभिन्न कम्पनियों के प्रतिनिधियों द्वारा अपने स्टॉल लगाए गए।
इस अवसर पर प्राचार्य श्रीमती प्रज्ञा गुप्ता, महाप्रबंधक जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र श्री पंकज पटेल, प्राचार्य आईटीआई नरसिंहपुर श्री एसआर पाराशर, संबंधित विभागों के अधिकारी- कर्मचारी, हितग्राही और आम नागरिक मौजूद थे।



