अनूपपुर : प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्रीमती माया विश्वलाल के निर्देशानुसार शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चचाई, बरगवां, केल्हौरी एवं आंगनबाड़ी केन्द्र चचाई, बरगवां, केल्हौरी में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में न्यायाधीश/सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण श्री विनोद कुमार वर्मा ने बच्चों के मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं एवं उनके संरक्षण के संबंध में विधिक सेवा योजना मौलिक अधिकार एवं कर्त्तव्य शिक्षा का अधिकार पॉक्सो अधिनियम एवं गुड टच, बैड टच के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री बृजेश पटैल द्वारा विधिक सेवा प्राधिकरण की योजना विधिक सहायता, विधिक सलाह मध्यस्थता योजना इत्यादि की जानकारी दी गई। साथ ही नशामुक्त भारत के लिए नशीली दवाओं के प्रति जागरूकता और कल्याण मार्गदर्शन योजना के संबंध में बताया कि इस योजना के तहत नशीली दवाओं के दुरूपयोग और अनैतिक तस्करी के खिलाफ जिले के समस्त सार्वजनिक स्थानों पर नशीली दवाओं की लत छुड़ाने और पुनर्वास के संबंध में यह अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने यातायात नियम एवं नालसा टोल फ्री 15100 नंबर के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
शिविरों में विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षकगण, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, पैरालीगल वालेंटियर एवं विद्यालयों के विद्यार्थी व आंगनबाड़ी के बच्चे उपस्थित रहे।
शिविरों के अंत में विद्यालयों में ’’पंच-ज’’ अभियान के तहत विद्यार्थियों एवं शिक्षकगणों के समन्वय से पौधरोपण भी किया गया।



