Home नरसिंहपुर नरसिंहपुर/MP : कलेक्टर की अध्यक्षता में अंतर विभागीय समन्वय बैठक सम्पन्न…………..

नरसिंहपुर/MP : कलेक्टर की अध्यक्षता में अंतर विभागीय समन्वय बैठक सम्पन्न…………..

29
0

जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान के सफल आयोजन को लेकर आयोजित हुई बैठक

नरसिंहपुर : कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले की अध्यक्षता में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान के सफल आयोजन के लिए अंतर विभागीय समन्वय बैठक कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सोमवार को आयोजित की गई। राज्य शासन के निर्देशानुसार जिले में राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस का आयोजन 23 सितम्बर को किया जाएगा। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार, अपर कलेक्टर श्रीमती अंजली शाह, बैठक में डीएचओ डॉ. जीपी भनारिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती भारती चौरसिया, जिला कम्युनिटी मोबिलाईजर श्री मुकेश रघुवंशी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी- कर्मचारी और अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद थे।

      कलेक्टर श्रीमती पटले ने कहा कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के अवसर पर एक वर्ष से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को कृमिनाशक दवा एल्बेंडाजोल विद्यालयों, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं स्वास्थ्य संस्थाओं के माध्यम से प्रदान की जाएगी। बच्चों एवं किशोरों में एनीमिया की रोकथाम के लिए एनीमिया मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत आयरन फोलिक एसिड- आईएफए टेबलेट/ सिरप नियमित वितरण सुनिश्चित किया जाएगा। विद्यालयों एवं आंगनबाड़ी केन्द्रों में पोषण और स्वास्थ्य जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि इस अभियान में बच्चों के अभिभावकों व समुदाय की भागीदारी सुनिश्चित हो। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपने- अपने स्तर पर अभियान को सफल बनाने के लिए आवश्यक कार्यवाही करें। कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस अभियान को प्राथमिकता के साथ जिले के प्रत्येक पात्र बच्चों एवं किशोरों तक कृमिनाशक एवं आयरन फालिक एसिड दवा पहुंचाना सुनिश्चित करें।

      बैठक में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनीष मिश्रा एवं संभागीय समन्वयक जबलपुर एविडेंस एक्शन श्री दुर्गा प्रसाद कटरे ने समस्त जिला स्तरीय अधिकारी एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस एवं एनीमिया मुक्त भारत अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए कार्ययोजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here