जिले में हर घर तिरंगा- हर घर स्वच्छता और स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग अभियान चलाया जा रहा है
नरसिंहपुर : जिले में हर घर तिरंगा- हर घर स्वच्छता स्वतंत्रता का उत्सव स्वच्छता के संग अभियान 15 अगस्त तक चलाया जा रहा है। अभियान में सांसद, विधायक, स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर, अन्य अधिकारी- कर्मचारी, धार्मिक व स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि, मप्र जनअभियान परिषद नरसिंहपुर की विभिन्न संस्थाएं, बुजुर्ग, महिलाएं, बच्चें और हर वर्ग के नागरिक शामिल हो रहे हैं।
हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत स्कूली बच्चों द्वारा जहां रैली निकाली जा रही है। वहीं दूसरी ओर स्थानीय जनप्रतिनिधि व ग्रामीणों द्वारा तिरंगा बाईक रैली निकालकर देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगा रहे हैं। अभियान के तहत स्कूलों, शासकीय कार्यालयों, सार्वजनिक और अन्य स्थानों में स्वच्छता के लिए श्रमदान कर रहे हैं।
नागरिक शासन द्वारा निर्मित वेबसाइट www.harghartiranga.com पोर्टल पर जाकर सेल्फी को अपलोड कर रहे हैं। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत सभी जनसामान्य स्वयं सेवक के रूप में पंजीकृत हो रहे हैं। जो नागरिक स्वयं सेवक के रूप में पंजीकृत होना चाहते हैं, वे www.harghartiranga.com पर जाकर स्वयं सेवक बने वाली बटन पर क्लिक करें। इसके बाद पंजीकरण पर क्लिक करें। अपनी सामान्य जानकारी दर्ज करें और आगे बटन पर क्लिक करें और स्थान संबंधित जानकारी दर्ज करें, ई- मेल आईडी एवं पासवर्ड तैयार कर “सबमिट करें” बटन पर क्लिक करें। इसके पश्चात पंजीकरण उपरांत स्वयं सेवक का पंजीयन पूर्ण हो जावेगा, जो पोर्टल पर प्रदर्शित होगा।
अभियान के अंतर्गत विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने ग्राम पंचायत छीतापार के ग्राम रीछा में सार्वजनिक स्थानों की साफ- सफाई की। इस दौरान ग्राम में तिरंगा रैली भी निकाली गई। शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाडरवारा में प्राचार्य डॉ. सुशील शर्मा, शिक्षक और छात्र- छात्राओं के द्वारा विद्यालय परिसर में स्वच्छता का कार्य किया गया। जनपद पंचायत बाबई चीचली ग्राम पंचायत खानचरी में महिलाओं ने साफ- सफाई कर तिरंगा रैली निकाली। आंगनबाड़ी केन्द्र चीचली में नन्हे- मुन्ने बच्चों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने उत्साह के साथ तिरंगा रैली निकालकर देशभक्ति से ओतप्रोत नारे लगाए। ग्राम बनवारी में स्कूली छात्राओं ने तिरंगा रैली निकाली। शासकीय श्याम सुंदर नारायण मुशरान महिला महाविद्यालय नरसिंहपुर में सेल्फी प्वाइंट बनाकर प्राचार्यों और स्टाफ ने सेल्फी ली। राष्ट्रीय सेवा योजना छात्र इकाई प्राचार्य एवं कार्यक्रम अधिकारी शासकीय कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरहटा द्वारा स्वच्छता कार्यक्रम के तहत संस्था परिसर की साफ- सफाई की गई। ग्राम पंचायत पनारी में तिरंगा बाईक रैली निकाली गई। जिले की विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों में तिरंगा रैली निकाली गई। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय आमगांव छोटा में विद्यार्थियों ने तिरंगा रैली निकाली।
ग्राम बरहटा में शासकीय कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय द्वारा निकाली गई तिरंगा रैली
शासकीय कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बरहटा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई एवं मप्र जनअभियान परिषद के संयुक्त तत्वाधान में हर घर तिरंगा रैली का आयोजन किया गया। यह रैली ब्लॉक समन्वयक श्री प्रतीक दुबे, पं. बृजभूषण बाजपेई, प्राचार्य श्री एसके बक्शी, कार्यक्रम अधिकारी श्री शरद गुप्ता के मार्गदर्शन में निकाली गई। यह रैली विद्यालय से प्रारंभ होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए गैस एजेंसी तक निकाली गई। रैली के दौरान देशभक्ति और साफ- सफाई से ओतप्रोत नारे भी लगाए गए। रैली में स्कूली विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ भाग लिया।



