जिले में एचआईव्ही एड्स सघन जागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ
नरसिंहपुर : राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन NACO, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार के निर्देशानुसार प्रदेश के समस्त जिलों में 12 अगस्त से 12 अक्टूबर 2025 तक सघन जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। एचआईव्ही एड्स सघन जागरूकता अभियान के शुभारंभ अवसर पर कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले ने मंगलवार को जिला चिकित्सालय नरसिंहपुर के परिसर से जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए सुभाष पार्क चौराहा पहुंची, जहां मानव श्रृंखला बनाकर जागरूकता का संदेश दिया।
इस दौरान डॉ. देवेन्द्र रिपुदमन सिंह, डॉ. जीसी चौरसिया, डॉ. राहुल नेमा, डॉ. प्रियंका नेमा, डॉ. राजकुमार डेहरिया, श्री प्रशांत सोनी, पीजी कॉलेज से श्री राजेश ठाकुर, श्री अमित ताम्रकार, एमआईएमटी कॉलेज नरसिंहपुर से श्री दीपक गुप्ता, राधिका इंस्टीट्यूट से श्री रोहित मेहरा, उमा राव, अंजना रैकवार, विनीता बिसेन, एनसीसी, एनएसएस, नर्सिंग कॉलेज के छात्र- छात्राएं एवं जिला एड्स नियंत्रण समिति के सदस्यों ने सहभागिता की।
यह अभियान राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन NACO, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय भारत सरकार का महत्वकांक्षी अभियान है। इसका उद्देश्य 15 से 49 वर्ष के आयु के जन सामान्य में एचआईव्ही संक्रमण के प्रति जागरूकता बढ़ाना है, ताकि जन सामान्य को एचआईव्ही संक्रमण के कारण, उसके बचाव के तरीके, जांच व उपचार के संबंध में जागरूकता हो सके। नागरिक एचआईव्ही, एसटीआई जांच एवं उपचार सेवाओं का अधिकाधिक लाभ ले सके। इस अभियान में प्रमुख रूप से ग्रामीण तथा शहरी बस्ती क्षेत्रों, आंगनबाड़ी केन्द्रों, कक्षा 9 वीं से 12 वीं तक के शासकीय एवं निजी विद्यालयों, महाविद्यालयों और आयुष्मान मंदिरों में जागरूकता कार्यक्रम संचालित कराए जाएंगे। अभियान के अंतर्गत जिले में 319 ग्राम, 6 ब्लॉक, 5 निजी महाविद्यालय, 11 रेड रिबिन क्लब, 50 आंगनबाड़ी केन्द्रों, 104 शासकीय एवं निजी विद्यालय, 17 आयुष्मान मंदिरों में जागरूकता संबंधी गतिविधियां आयोजित किया जाना प्रस्तावित है। कार्यक्रम का संचालन श्री प्रशांत कुमार सोनी एड्स विभाग के जिला रिर्पोटिंग अधिकारी एवं को- ऑडिनेटर सघन जागरूकता अभियान एवं इमाम मंसूरी परामर्शदाता ने किया।



